झबरेड़ा, 7 जुलाई। झबरेड़ा में मानसून की आहट के साथ ही जलभराव की समस्या ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया है। मंगलौर मार्ग और ग्राम शीतलपुर मार्ग पर बने नालों को कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से चोक कर दिए जाने के कारण बरसात का पानी मोहल्ला बंजारान और मुख्य बाजार में घुसने लगा है। इस स्थिति से परेशान स्थानीय निवासियों ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और अध्यक्ष से मिलकर तत्काल सफाई की मांग की है।

स्थानीय निवासियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी और अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन रावत ने तुरंत एक्शन लिया है। मानसून के दौरान कस्बे में जलभराव की स्थिति न बने, इसके लिए अधिकारियों ने पर्यावरण मित्रों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अध्यक्ष किरण चौधरी ने साफ शब्दों में कहा है कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पर्यावरण मित्रों को निर्देशित किया है कि कस्बे की छोटी नालियों से लेकर बड़े नालों तक की पूर्ण सफाई सुनिश्चित की जाए। कस्बे में सफाई और कूड़ा उठान का कार्य दोनों समय सुबह-शाम सुचारू रूप से किया जाए।गर्मी और बरसात के मौसम में नालियों में गंदा पानी जमा न होने दें, क्योंकि यह बीमारियों और कीड़ों के पनपने का मुख्य कारण बनता है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान में सफाई का कार्य ‘युद्ध स्तर’ पर चल रहा है। कूड़ा उठाने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से भी नियमित रूप से कचरा हटाया जा रहा है ताकि निकासी व्यवस्था में कोई बाधा न आए। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मानसून की भारी बारिश के दौरान भी निवासियों को जलभराव जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।





