झबरेड़ा, 6 अक्टूबर। इकबालपुर रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर सोमवार देर रात ट्रेन से गिरकर एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मंगलवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को रुड़की स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

इकबालपुर पुलिस चौकी प्रभारी नीरज रावत ने बताया कि मंगलवार सुबह सूचना मिली कि इकबालपुर रेलवे स्टेशन से बहादुरपुर कुंजा की ओर रेलवे लाइन के पास एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की पहुंचाया। पूछताछ में घायल ने अपना नाम मनीष पुत्र गया प्रसाद निवासी रुद्रप्रयाग बताया। उसने पुलिस को बताया कि सोमवार रात करीब एक बजे वह सहारनपुर से हरिद्वार होते हुए अपने गांव जा रहा था। वह ट्रेन के डिब्बे में दरवाजे के पास बैठा था। इसी दौरान अचानक वह ट्रेन से नीचे गिर गया, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।





