झबरेड़ा, 6 अक्टूबर। ग्राम लोदीवाला के पास गन्ने से भरी ट्रैक्टर-बोगी में पीछे से तेज गति से आ रही बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को झबरेड़ा स्थित चिकित्सक के यहां पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने दोनों को रुड़की रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार ग्राम राजूपुर निवासी अनुपम अपने दोस्त राजन सिंह निवासी लाठरदेवा के साथ बाइक से झबरेड़ा आ रहे थे। लोदीवाला के पास उनके आगे एक किसान गन्ने से भरी ट्रैक्टर-बोगी लेकर झबरेड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-बोगी से पीछे से जा टकराई। टक्कर लगने से दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर-बोगी चालक ने वाहन रोककर घायलों की मदद की। राहगीरों की सहायता से दोनों को उपचार के लिए झबरेड़ा के चिकित्सक के यहां ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों के पहुंचने पर दोनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए रुड़की रेफर कर दिया गया। लोगों के अनुसार बाइक की गति काफी तेज थी। इसी कारण बाइक अनियंत्रित होकर आगे जा रही गन्ने से भरी बोगी से टकरा गई। पुलिस को हादसे की सूचना दिए जाने की जानकारी नहीं है।





