Oplus_19005440
झबरेड़ा, 16 सितंबर। नगर पंचायत झबरेड़ा की ओर से बुधवार को गुरुकुल मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी के निर्देश तथा अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन सिंह रावत के दिशा-निर्देशन में सफाई कर्मचारियों ने सड़क किनारे जमा मिट्टी, घास-फूस और कूड़े को हटाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त की।

बारिश के कारण गुरुकुल मार्ग के दोनों ओर सड़क किनारे मिट्टी जमा हो गई थी और जगह-जगह घास भी काफी बढ़ गई थी। इससे सड़क के किनारे गंदगी दिखाई देने के साथ ही आवागमन में भी परेशानी हो रही थी। नगर पंचायत के सफाई कर्मियों ने झाड़ू लगाकर सड़क किनारे जमा मिट्टी को हटाया और घास-फूस की सफाई की। सफाई के बाद सड़क के किनारे कई स्थानों पर जमा मिट्टी के ढेर को भी हटाकर व्यवस्था को बेहतर किया गया। सफाई अभियान सफाई सुपरवाइजर जुल्फान अली की देखरेख में चलाया गया। कर्मचारियों ने सड़क किनारे काफी दूरी तक सफाई करते हुए गंदगी को एकत्र कर नगर पंचायत के वाहन में डाला। नगर पंचायत की ओर से बारिश के बाद कस्बे और आसपास के मार्गों पर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने कहा कि नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए लगातार सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। बारिश के कारण जहां भी सड़क किनारे मिट्टी, घास या अन्य गंदगी जमा हुई है, उसे हटाया जा रहा है। अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन सिंह रावत ने सफाई कर्मचारियों को नियमित रूप से सफाई व्यवस्था पर ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।





