Oplus_16908288
झबरेड़ा 10 अगस्त। विद्युत चोरी के खिलाफ यूपीसीएल की संयुक्त टीम ने ग्राम लाठरदेवा हूण में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने बिजली चोरी करते हुए 10 लोगों को पकड़ा। सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

सोमवार को ऊर्जा निगम टीम ने घर-घर जाकर विद्युत कनेक्शनों की जांच की। एसडीओ झबरेड़ा मोहम्मद रिजवान ने बताया कि लाठरदेवा हूण गांव में कुल 10 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी के मामले में कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान कुछ लोग घरेलू बिजली की चोरी कर एसी तक चलाते हुए पाए गए। उन्होंने बताया कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पूर्व में बकाया बिल के चलते जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा चुके हैं, उनके खिलाफ आरसी काटने के साथ ही दोबारा कनेक्शन की जांच भी की जा रही है। एसडीओ ने कहा कि लगातार हो रही बिजली चोरी के कारण ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनों पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है। इससे विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने के साथ ही लाइनों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका भी बढ़ रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से बिजली की चोरी न करने और वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करने की अपील की। चेकिंग अभियान में झबरेड़ा एसडीओ मोहम्मद रिजवान, लंढौरा एसडीओ गुलशन बुलानी, मंगलौर एसडीओ अनुभव सैनी और जेई फैज मोहम्मद अपने लाइनमैनों के साथ मौजूद रहे।





