झबरेड़ा 11 अगस्त। मंगलौर-झबरेड़ा मार्ग स्थित फैक्ट्री में अज्ञात चोर द्वारा कॉपर स्ट्रिप सामान चोरी किए जाने का मामले में कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

असाही इंडिया ग्लास लिमिटेड प्रबंधक व्यवस्थापक प्रवीण कुमार सोही में तहरीर देकर बताया कि दो अगस्त की रात करीब 11:08 बजे अज्ञात व्यक्ति मैकेनिकल विभाग के स्टोर के सेफ्टी रिलीज वाल्व तथा डब्ल्यूएचआरयू बिल्डिंग के पीछे की तरफ से कॉपर स्ट्रिप सामान लेकर चला गया। कंपनी परिसर में प्रवेश करते समय संदिग्ध व्यक्ति सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ है। कंपनी प्रबंधक ने बताया कि चोरी हुए सामान की अपने स्तर से काफी तलाश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद 11 अगस्त को पुलिस को तहरीर देकर सीसीटीवी फुटेज और फोटो के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर चोरी का सामान बरामद कराने की मांग की गई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। तथा मामले में मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है।





