झबरेडा 17 अप्रैल। थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव बूढ़पुर चौहान में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की शोभायात्रा के दौरान गुरुवार देर शाम दो पक्षों मे जमकर गाली गलौच व मारपीट होने से कई लोग घायल हो गए। घटना में एक युवक का कान कट गया है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।एक पक्ष की ओर से चन्द्रपाल द्वारा थाने में तहरीर देकर बताया कि शोभायात्रा के दौरान गांव के ही कुछ युवक रोहित, मोहित, शुभम आदि जेसीबी पर चढ़कर महिलाओं की ओर अश्लील इशारे कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपितो ने उनके साथ मारपीट की और सतीश के घर में घुसकर गाली गलौज करते हुए लाठी डंडों से हमला कर दिया। चन्द्रपाल का आरोप है कि ‘पिंकू’ ने धारदार हथियार से वार कर उसका आधा कान काट दिया। मौके पर बचाने आए अन्य ग्रामीणों के साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की गई। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से रोहित ने पुलिस को दी तहरीर में घटना को ‘राजनीतिक रंजिश’ का परिणाम बताया है। रोहित का आरोप है कि जब शोभायात्रा पुराना कुआं चौक पर पहुंची उसी समय अनूप, अनुज, कुलदीप और चन्द्रपाल सहित करीब 15-16 लोगों ने शोभायात्रा पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में पंकज और भंवर सिंह को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। संजू, छोटू और अंकुश को भी चोटें लगने की बात कही गई हैं। थाना झबरेड़ा उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह भंडारी का कहना है कि दोनों ओर से आई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गांव में फिलहाल शांति है, लेकिन तनाव को देखते हुए पुलिस पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






