झबरेड़ा, 16 अगस्त। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम में पारिवारिक कलह से परेशान होकर 35 वर्षीय एक महिला ने घर के अंदर छत के पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मानकपुर आदमपुर निवासी मिंटू सिंह की पत्नी दीपा देवी 35 वर्ष का किसी बात को लेकर घर में विवाद हो गया था। इसी गृह क्लेश के चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया।परिजनों ने बताया कि जिस समय दीपा देवी ने आत्महत्या की, उस दौरान घर के अन्य सदस्य घेर में गए हुए थे। जब वे वापस लौटे, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा न खुलने पर परिजनों ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए, क्योंकि दीपा देवी का शव छत के पंखे से चुन्नी के सहारे लटक रहा था। परिजनों ने तुरंत आनन-फानन में महिला को नीचे उतारा और इलाज के लिए नजदीकी डॉक्टर के पास ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भेज दिया गया था। मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भिजवा दिया गया है। फिलहाल परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






