झबरेड़ा, 15 अगस्त। नशा मुक्त देवभूमि अभियान के तहत झबरेड़ा पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से उत्तर प्रदेश निर्मित टेट्रा पैक देशी शराब और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

झबरेड़ा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ क्षेत्र में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर झबरेड़ा पुलिस ने बीरपुर बॉर्डर के पास चेकिंग की। इस दौरान मोटरसाइकिल पर सवार बिन्टू और धर्मेंद्र, निवासी झबरेड़ी खुर्द, को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल से उत्तर प्रदेश निर्मित 90 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए चालान किया गया है। पुलिस टीम में कांस्टेबल मुकेश तोमर और होमगार्ड अक्षय कुमार शामिल रहे।





