Oplus_16908288
झबरेड़ा 30 सितम्बर। कोतवाली क्षेत्र के गांव में बहन रूपा और पड़ोसी युवक मुन्ना उर्फ सूरज की गोली मारकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपित अमन को पुलिस ने बुधवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। घेराबंदी के दौरान आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया है। घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसपी देहात अभय प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि चार दिन पहले झबरेड़ा कोतवाली के गांव झबरेड़ी कलां में अमन ने अपनी 19 वर्षीय बहन रूपा और पड़ोसी युवक मुन्ना उर्फ सूरज की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद से आरोपित फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। मंगलवार देर रात पुलिस को अमन के क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरा देख अमन ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की पूछताछ में अमन ने बताया कि वह अपनी बहन के पड़ोसी युवक मुन्ना उर्फ सूरज से प्रेम संबंधों को लेकर नाराज था। उसका कहना है कि इस संबंध को लेकर उसे गांव में लोगों के ताने सुनने पड़ते थे। उसने दोनों को समझाकर संबंध खत्म करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। इसी को लेकर वह लगातार आक्रोशित था। पुलिस के अनुसार, गुस्से में आकर उसने दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया था।





