Oplus_16908288
झबरेड़ा 20 सितम्बर। पुहाना से झबरेड़ा होते हुए गुरुकुल नारसन तक जाने वाले प्रमुख सड़क मार्ग की हालत धीरे-धीरे खस्ता होती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह छोटे-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क की सतह उखड़ने लगी है और गड्ढों के कारण वाहनों की रफ्तार भी प्रभावित हो रही है।

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग आसपास के गांवों और कस्बों को जोड़ने के साथ ही रोजाना बड़ी संख्या में लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन है। सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को गड्ढों से बचकर निकलना पड़ता है। इससे कई बार आमने-सामने से आने वाले वाहनों के बीच भी स्थिति असहज हो जाती है। ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। वहीं हरिद्वार में वर्ष 2027 में अर्धकुंभ प्रस्तावित है। अर्धकुंभ की तैयारियों के लिए केंद्र सरकार की ओर से करीब 500 करोड़ रुपये की सहायता दिए जाने की बात सामने आई है। इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में विकास और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किए जाने की योजनाएं हैं। ऐसे में क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि प्रमुख संपर्क मार्गों की स्थिति भी प्राथमिकता के आधार पर सुधारी जानी चाहिए। लोगों का कहना है कि किसी भी क्षेत्र के विकास में सड़क संपर्क की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यदि प्रमुख सड़कें ही बदहाल रहेंगी तो विकास कार्यों का लाभ लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना चुनौतीपूर्ण होगा। स्थानीय लोगों के मुताबिक खराब सड़क के कारण आवागमन में समय अधिक लग रहा है। साथ ही दोपहिया वाहन चालकों के लिए गड्ढे परेशानी का कारण बने हुए हैं। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराकर क्षतिग्रस्त हिस्सों को चिह्नित करने और जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अर्धकुंभ से पहले प्रमुख मार्गों की स्थिति दुरुस्त करना जरूरी है, ताकि स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी आवागमन में परेशानी न हो। क्षेत्रीय निवासी योगेश त्यागी, अमित चौधरी, अनुज, रजत सिंघल, इसरार, डा. जोध सिंह, बिरम सिंह, मुकेश चौधरी, रमेश, सुभाष, योगेंद्र सिंह और जयपाल सिंह आदि ने कहा कि सड़क पर बने गड्ढों के कारण आए दिन वाहन चालकों को परेशानी होती है। वही दुर्घटना होने का भी खतरा बना रहता है। उन्होंने संबंधित विभाग से मार्ग की मरम्मत कर सड़क को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।





