Oplus_16908288
झबरेड़ा 2 अगस्त। कस्बा स्थित मंदिरो में धार्मिक अनुष्ठान करते हुए भगवान शिव शंकर का विधि-विधान से पूजन और हवन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की गई। धार्मिक कार्यक्रम के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

कस्बा झबरेड़ा के प्राचीन नंदा वाला बाग शिव मंदिर, गुरू गोरखनाथ मंदिर व आदि मंदिर में रविवार को सुबह से ही धार्मिक माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में सबसे पहले विद्वान पंडित के सानिध्य में भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक और विशेष पूजन किया गया। इसके पश्चात आयोजित हवन यज्ञ में यजमानों ने आहुतियां डाल कर कस्बा व आसपास के क्षेत्र में सुख शांति और खुशहाली की कामना के साथ साथ इंद्र भगवान से क्षेत्र में वर्षा के लिए प्रार्थना की गई। ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय शिव शंकर’ के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। उसके बाद भंडारे का शुभारंभ हुआ। मंदिर प्रांगण में नीचे पंगत में बैठकर सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए सेवादार तत्पर नजर आए। भंडारे में दाल चावल व खीर का प्रसाद पाकर श्रद्धालु निहाल हो गए। देर शाम तक प्रसाद वितरण का सिलसिला चलता रहा। इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और महिला-पुरुष बच्चे श्रद्धालु उपस्थित रहे। लोगों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में समरसता और भाईचारे की भावना सुदृढ़ होती है।





