झबरेड़ा, 31 जुलाई। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के नगला कुबड़ा गांव में पुलिस ने गौकशी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 210 किलो संदिग्ध गौमांस, गौवंश के चार खुर, एक कटा हुआ सिर, एक पशुखाल, गौकशी में प्रयुक्त उपकरण तथा बिना नंबर की एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में सात नामजद आरोपितों के विरुद्ध उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक आरोपित गिरफ्तार और 6 की तलाश जारी है।

झबरेड़ा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को उपनिरीक्षक नीरज रावत अपनी टीम के साथ क्षेत्र में वाहन चेकिंग और गश्त पर थे। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि नगला कुबड़ा स्थित नई ईदगाह के पास पॉपलर के खेत में कुछ लोग गौकशी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और खेत की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर मौजूद सात लोग पुलिस को देखकर गन्ने के खेतों की ओर भाग निकले। पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन खेतों में पानी भरा होने के कारण सभी फरार होने में सफल रहे। तलाशी के दौरान प्लास्टिक की चादर पर रखा लगभग 210 किलो संदिग्ध गौमांस, गौवंश का कटा हुआ सिर, चार खुर, एक पशुखाल, कुल्हाड़ियां, रस्सियां, इलेक्ट्रॉनिक तराजू तथा अन्य उपकरण बरामद किए गए। मौके से एक बिना नंबर की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई। जांच में मोटरसाइकिल का स्वामी लक्सर क्षेत्र निवासी बताया गया है। स्थानीय पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाकर बरामद सामग्री का निरीक्षण कराया। चिकित्सक ने बरामद मांस, खाल, खुर और सिर को गौवंश का होना बताया। परीक्षण के लिए नमूने सुरक्षित कर प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि शेष सामग्री का नियमानुसार निस्तारण कराया गया। पुलिस ने मामले में हम्माद, तस्लीम, तंजीम, ताजिम, आशु, सलमान और उस्मान निवासी नगला कुबड़ा एक आरोपित बलेलपुर निवासी के विरुद्ध उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि सभी फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। झबरेड़ा पुलिस द्वारा गोकशी के 01 आरोपित ताजिम निवासी ग्राम नगला कुबड़ा कोतवाली झबरेड़ा हरिद्वार को गिरफ्तार किया हैं।





