झबरेड़ा, 28 जुलाई। झबरेड़ा-गुरुकुल मार्ग स्थित रेलवे अंडरपास के पास बारिश के दौरान जलभराव और टूटी सड़क हादसों का कारण बन रही है। मंगलवार को कॉलेज से लौट रही स्कूटी सवार दो छात्राएं सड़क पर बने गहरे गड्ढे में गिरकर घायल हो गईं। राहगीरों ने दोनों को उपचार के लिए चिकित्सक के पास पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रुड़की रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, रेलवे अंडरपास के समीप सड़क काफी समय से क्षतिग्रस्त है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। मंगलवार को कॉलेज से छुट्टी के बाद दो छात्राएं स्कूटी से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान स्कूटी गड्ढे में उतर गई और अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में दोनों छात्राएं घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने तुरंत दोनों छात्राओं को नजदीकी चिकित्सक के यहां पहुंचाया और उनके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन भी चिकित्सक के पास पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों छात्राओं को बेहतर इलाज के लिए रुड़की ले जाया गया। चिकित्सक ने बताया कि दोनों छात्राओं को गंभीर चोट नहीं आई है और उनकी हालत सामान्य है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे अंडरपास के आसपास की सड़क लंबे समय से जर्जर है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है। लोगों ने संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त सड़क की शीघ्र मरम्मत कराए जाने की मांग की है।





