Oplus_16908288
झबरेड़ा 25 जुलाई। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार को कोतवाली परिसर में पुलिस एवं SPOs विशेष पुलिस अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए पुलिस उपाधीक्षक अभिनय चौधरी ने कांवड़ यात्रा के दौरान क्षेत्र में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी SPOs से पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने का आह्वान किया।पुलिस उपाधीक्षक अभिनय चौधरी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा में SPOs और कस्बा वासियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा हरिद्वार से गंगाजल लेकर मंगलौर व झबरेड़ा कस्बे से होते हुए बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़िए सहारनपुर और हरियाणा की ओर बढ़ते हैं। कस्बे से थोड़ी दूरी पर झबरेड़ा-सहारनपुर मार्ग पर उत्तराखंड की सीमा समाप्त होती है। अपनी सीमा के भीतर किसी भी कांवड़िये को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। कस्बे के नंदा वाला बाग स्थित शिव मंदिर के अलावा स्थानीय नागरिक कांवड़ियों के विश्राम और भोजन का विशेष प्रबंध करते हैं, जो सराहनीय है। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार का संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते शांति व्यवस्था कायम रखी जा सके। इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह, एसएसआई सत्येंद्र भंडारी, रविंद्र सिंह, मुकेश कुमार, मनोज कांबोज, इंद्रेश कुमार सहित कई अन्य पुलिसकर्मी व क्षेत्र के गणमान्य SPOs उपस्थित रहे।





