झबरेड़ा 25 जुलाई। थाना क्षेत्र के अंतर्गत कार दिलवाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि आरोपी ने साजिश के तहत न सिर्फ ₹9,00,000 ऐंठ लिए, बल्कि फर्जी रसीदें और बिना हस्ताक्षर वाला चेक भेजकर लगातार गुमराह करता रहा।

कोतवाली झबरेडा क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर झौझा निवासी शहराज अली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपने भतीजे नावेद हैदर के लिए Scorpio-N-Z4 कार खरीदने का मन बनाया था। गांव के ही साकिर के जरिए नावेद की पहचान अक्षय वालिया निवासी मोहल्ला किला, कस्बा लण्डौरा, मंगलौर से हुई। अक्षय ने देहरादून शोरूम से 13,50,000 में कार दिलवाने का सौदा तय किया। पीड़ित के अनुसार, आरोपित ने अलग-अलग किश्तों में रकम अपने और अन्य खातों में ट्रांसफर करवाई गई। क्यूआर कोड पर 25,000 रुपये बुकिंग राशि के लिए गए और आरटीजीएस द्वारा ऑनलाइन 2,00,000 रुपए पैटरीसिया होल्डिंग्स प्रा. लि. के खाते में भुगतान किया गया। रुड़की के एक कॉलेज के पास अक्षय ने खुद आकर 1,50,000 और 50,000 रुपए नगद लिए गए तथा नावेद के रिश्तेदार आरिफ के खाते से 1,75,000 और 3,00,000 की रकम ट्रांसफर करवाई गई। रकम मिलते ही आरोपित अक्षय ने व्हाट्सऐप के जरिए देहरादून प्रीमियर मोटर्स प्रा. लि. की रसीदें भेजकर पीड़ितों का भरोसा जीत लिया गया। कार की डिलीवरी न मिलने और आरोपित द्वारा लगातार टाल-मटोल किए जाने पर नावेद हैदर शोरूम पहुंचा। जब वहां रसीदें दिखाई गईं, तो कर्मचारियों ने बड़ा खुलासा किया कि रसीदें और व्हाट्सऐप पर भेजा गया चेक पूरी तरह जाली और फर्जी हैं। शोरूम में शहराज अली के नाम से कोई कार बुकिंग ही नहीं हुई थी।पीड़ितों द्वारा जमा कराई गई रकम का इस्तेमाल किसी अन्य व्यक्ति को कार दिलवाने में कर लिया गया है। पीड़ित शहराज अली का कहना है कि आरोपित अक्षय वालिया ने सोची-समझी साजिश के तहत उनके साथ धोखाधड़ी की है। कोतवाली झबरेड़ा प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली है और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।





