झबरेड़ा 25 जुलाई। भाकियू (टोडा) के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को कोतवाली झबरेड़ा पहुंचकर पुलिस प्रशासन से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने इकबालपुर शुगर मिल में कार्यरत कर्मचारियों का पिछले दो वर्षों से रुका हुआ वेतन जल्द से जल्द दिलवाने और मिल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग उठाई।

भारतीय किसान यूनियन टोडा के अध्यक्ष सचिन टोडा ने पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराते हुए बताया कि इकबालपुर शुगर मिल में लगभग 300 कर्मचारी कार्यरत हैं, जो पिछले दो साल से अधिक समय से बिना वेतन के काम करने को मजबूर हैं। लंबे समय से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। उनके सामने जीवन-यापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। भाकियू अध्यक्ष ने मांग की है कि शुगर मिल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और कर्मचारियों का बकाया वेतन अविलंब जारी करवाया जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि भारतीय किसान यूनियन टोडा के अध्यक्ष सचिन टोडा द्वारा शुगर मिल कर्मचारियों के बकाया वेतन भुगतान के संबंध में मांग पत्र मिला है। पुलिस द्वारा नियमानुसार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।





