झबरेड़ा 10 जुलाई। बरसात के मौसम के मद्देनजर यूपीसीएल झबरेड़ा के उपखंड अधिकारी ने क्षेत्र की जनता के लिए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा चेतावनी जारी की है। उन्होंने सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों से लोगों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान बिजली के उपकरणों और खंभों के पास जाने से बचें ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से सुरक्षित रहा जा सके।

कस्बा झबरेड़ा के ऊर्जा निगम उपखंड अधिकारी रिज़वान अली ने बताया कि बारिश के दिनों में नमी और पानी के कारण बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मर और तारों में करंट उतरने का खतरा अत्यधिक बढ़ जाता है। ऐसे में थोड़ी सी भी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। विभागीय स्तर पर सुरक्षा को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है, जिन पर स्पष्ट रूप से निर्देश दिए गए हैं किखंभों में बरसात में या सामान्य दिनों में भी राह चलते बिजली के पोल को छूने की गलती बिल्कुल न करें। बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मर से उचित दूरी बनाकर रखें और स्वयं को सुरक्षित रखें। यदि किसी खंभे या तार में स्पार्किंग दिखती है या करंट उतरने की आशंका हो, तो तुरंत ऊर्जा निगम को इसकी सूचना दें। रिज़वान अली ने जनता से आग्रह किया है कि वे बच्चों को विशेष रूप से गलियों और सड़कों पर लगे बिजली के खंभों के पास खेलने से रोकें। सतर्कता और जागरूकता ही इस मौसम में दुर्घटनाओं से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।





