झबरेड़ा 10 जुलाई। देश और राज्य में कानून व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, आधुनिक और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर इन दिनों पुलिसकर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य ‘क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम’ के नवीनतम सॉफ्टवेयर और देश में लागू हुए नए कानूनों के तहत तकनीकी रूप से पुलिसिंग को अपग्रेड किया जा रहा है।

कोतवाली झबरेडा में शुक्रवार को सीसीटीएनएस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कोतवाली प्रभारी, विवेचकों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को विशेष रूप से मुख्यालय हरिद्वार के मास्टर ट्रेनर हर्ष उनियाल, प्रीति ,लक्ष्मी रोहथान प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को सीसीटीएनएस के नए वर्जन सॉफ्टवेयर पर ऑनलाइन एफआईआर दर्ज करने, केस डायरी का डिजिटल संधारण करने, चार्जशीट और फाइनल रिपोर्ट को ऑनलाइन फीड करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। मुख्यालय का स्पष्ट निर्देश है कि “वन डेटा, वन एंट्री” के तहत थानों का पूरा डेटा रीयल-टाइम में अपडेट होना चाहिए, जिससे पुलिस, कोर्ट, जेल और फोरेंसिक विभागों के बीच डेटा का समन्वय त्वरित गति से हो सके। विशेष प्रशिक्षण में नए कानूनों के तहत अनिवार्य की गई प्रक्रियाओं अपराध स्थल की वीडियोग्राफी, ‘ई-साक्ष्य’ ऐप के जरिए डिजिटल सबूतों को सुरक्षित रखना और गवाहों के बयान डिजिटली दर्ज करने की बारीकियों को सिखाया जा गया। मानना है कि इस प्रशिक्षण से न केवल मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी, बल्कि अनुसंधान की गुणवत्ता में भी बड़ा सुधार होगा। चल रहे इस प्रशिक्षण से कोतवाली,थानों और पुलिसकर्मियों के सीसीटीएनएस प्रणाली में पूरी तरह दक्ष होने के बाद नागरिक केंद्रित सेवाओं में भारी सुधार देखने को मिलेगा। इसके जरिए आम जनता द्वारा ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने, किरायेदारों और घरेलू सहायकों के पुलिस वेरिफिकेशन, चरित्र प्रमाण पत्र के डिजिटल अनुरोध और गुमशुदा लोगों की तलाश जैसे कार्यों में पारदर्शिता आएगी और लोगों को अब थानों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। मुख्यालय स्तर से लगातार इस पूरी ट्रेनिंग प्रक्रिया की मॉनिटरिंग की जा रही है, और जो पुलिसकर्मी तकनीकी रूप से कमजोर हैं, उनके लिए विशेष रिफ्रेशर कोर्स भी चलाए जा रहे हैं ताकि स्मार्ट पुलिसिंग के इस सपने को धरातल पर पूरी तरह उतारा जा सके। इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ,वरिष्ठ उप निरीक्षक सत्येंद्र कुमार ,उप निरीक्षक रविंद्र सिंह ,अर्जुन कुमार, राजेंद्र सिंह ,योगेश कुमार, अजय कुमार ,प्रीति तोमर, गिरीश सिंह,मनोज कुमार, सुनील कुमार, मनोज कांबोज आदि पुलिसकर्मी मौजूद रहे।





