झबरेड़ा 5 मई। जनपद में अपराध नियंत्रण और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत मंगलवार को कोतवाली झबरेड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों, होटलों और ढाबों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले 26 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पिछले कुछ समय से क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर राह चलती महिलाओं पर फब्तियां कसने और अभद्र व्यवहार की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर 5 मई को झबरेडा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में तीन अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने शराब की दुकानों के आसपास, सड़क किनारे और ढाबों पर औचक छापेमारी की। हुड़दंग मचाते हुए कुल 26 व्यक्तियों को मौके से पकड़ा गए। पकड़े गए सभी आरोपितों के विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई और उनसे मौके पर चालान शुल्क वसूला गया। पुलिस ने सभी आरोपितो को भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना या पिलाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि खुले में शराब पीकर उत्पात मचाने वालों के खिलाफ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि आम जनमानस, विशेषकर महिलाएं और बच्चे स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें। सार्वजनिक स्थानों की मर्यादा बनाए रखें। यदि कोई व्यक्ति नशे की हालत में शांति भंग करता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध सीधी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।





