
झबरेड़ा 25 मार्च। थाना क्षेत्र में जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। राजस्थान के जोधपुर निवासी एक व्यक्ति से करीब 9 करोड़ 60 लाख रुपये ऐंठने और बैनामा न करने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने पंजाब निवासी व्यक्ति और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

107 मेघ नगर, नहर रोड, नियर 23 सेक्टर चौपासनी अमरदीप हाउसिंग बोर्ड, जोधपुर, नंदनवन, राजस्थान निवासी पीड़ित सोमलाल पुत्र भेरु ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि लुधियाना (पंजाब) निवासी कुलविंदर सिंह के साथ ग्राम अमरपुर काजी में स्थित करीब 12.5 बीघा जमीन का सौदा 1 करोड़ 1 लाख रुपये प्रति बीघा की दर से तय हुआ था। पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने 28 अप्रैल 2025 से लेकर 27 अगस्त 2025 तक कुलविंदर सिंह को अलग-अलग किश्तों में 9 करोड़ 60 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। इसमें से 50 लाख रुपये विपक्षी के कहने पर आशु राणा उर्फ सुहेल राणा के खाते में आरटीजीएस के जरिए भेजे गए थे। सोमलाल ने बताया कि जमीन का बैनामा करने की समय सीमा 20 दिसंबर 2025 को समाप्त हो चुकी थी। जब उन्होंने कुलविंदर से बैनामा कराने या पैसे वापस करने को कहा, तो आरोपित टालमटोल करने लगा और फोन पर बात करने पर आरोपित द्वारा पीड़ित को मां-बहन की गंदी गालियां दीं और धोखाधड़ी की नीयत से उनके पैसे हड़प लिए। मामला तब और गंभीर हो गया जब 11 फरवरी 2026 को आरोपित कुलविंदर सिंह, उसकी पत्नी हरविंदर कौर और तीन-चार नकाबपोश गुंडों ने पीड़ित को जमीन दिखाने के बहाने इकबालपुर शुगर मिल रेलवे फाटक के पास बुलाया और वहां आरोपितो ने उन्हें धमकाते हुए कहा, अगर दोबारा पैसे मांगे या बैनामा करने को कहा, तो तुम्हें और तुम्हारे परिवार को जान से मरवा दूंगा। मेरी पहुंच बहुत ऊंची है, तुम वापस राजस्थान चले जाओ। पीड़ित सोमलाल ने झबरेड़ा थाने में अपनी व्यथा सुनाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर कुलविन्दर सिंह पुत्र बकशीश सिंह व हरविंदर कौर निवासी मकान नं० 328 गली नं० 6 प्रताप सिंह वाला निकट पन्जपीर दरगाह लुधियाना पंजाब ,आशु राणा उर्फ सुहेल राणा पुत्र मेहरबान निवासी शुकुवाला राजपुर देहरादून व मूल पता दाबकी, जिला सहारनपुर उत्तरप्रदेश, सचिन गुर्जर,समाध उर्फ सामू अब्दुल उर्फ अमन पुत्र इनाम निवासी ग्राम व पोस्ट खाताखेडी थाना झबरेडा तहसील रुडकी जिला हरिद्वार, ब्रिजेश शुक्ला केयर ऑफ शुक्ला संगीता निवासी सी-3 सरगम रॉ हाउस अपोजिट अलपेशनगर पाल रोड सूरज गुजरात सहित अन्य के खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।




