Oplus_16908288
झबरेड़ा 11 मई। थाना झबरेड़ा के अंतर्गत क्षेत्र में शराब के नशे से एक व्यक्ति की सड़क किनारे गिरने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 46 वर्षीय कुशलपाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के सहजी गांव का निवासी था। वह पिछले कुछ समय से अपनी पत्नी पूनम और तीन बच्चों के साथ इकबालपुर में किराए के मकान में रह रहा था। कुशलपाल इकबालपुर के समीप जहाजगढ़ स्थित एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व ही कुशल पाल को कंपनी से वेतन मिला था। सैलरी मिलने के बाद से ही वह अत्यधिक शराब का सेवन कर रहा था। रविवार देर शाम वह शराब के नशे में इतना धुत था कि सड़क किनारे अनियंत्रित होकर गिर गया और काफी देर तक वहीं पड़ा रहा, जिसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सड़क किनारे व्यक्ति को बेसुध पड़ा देख राहगीरों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच की तो व्यक्ति मृत पाया गया। तलाशी और पूछताछ के बाद मृतक की शिनाख्त कुशलपाल के रूप में हुई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल उसकी पत्नी को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेज दिया है। कुशलपाल की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। वह अपने पीछे एक बेटी और दो बेटों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया है कि कुशलपाल की ससुराल भी झबरेडा थाना क्षेत्र के गांव डेलना में ही है।





