झबरेड़ा 15 फरवरी। कस्बा झबरेड़ा व ग्रामीण क्षेत्र में रविवार को महाशिवरात्रि पर्व हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया। रविवार तड़के से ही शिवालयो में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए शिव भक्तों द्वारा पूजा अर्चना शुरू कर दी गई थी। कस्बे में स्थित प्राचीन शिव मंदिर में दिन निकलते निकलते जलाभिषेक करने वाले शिव भक्त मंदिर पहुंचने लगे थे।

कस्बा झबरेडा स्थित प्राचीन नंदा वाला बाग भगवान शिव मंदिर में सुबह होते-होते भक्तों द्वारा भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए लंबी लाइन लग गई। मंदिर के महंत पंडित गणेश प्रसाद ने शिवरात्रि पर कहां कि कस्बे में स्थित यह प्राचीन शिव मंदिर सिद्ध मंदिर है। मंदिर में समय-समय पर अनेको चमत्कार देखने को मिल जाते हैं। महाशिवरात्रि पर जो भी शिव भक्त भगवान शिव का सच्चे मन से पूजा अर्चना कर जलाभिषेक करता है उसकी मनोकामना भगवान शिव अवश्य पूरी करते हैं। उन्होंने कहा कि सत्यम् शिवम् सुंदरम्। भंग, धतूरा, सर्प, प्रेत शिव के साथी हैं। इनके साथ भी वह सौम्य हैं। इनकी बुराइयों को शिव ने हर लिया, यही शिव का सत्य है। बुराई को अच्छाई में बदल सच्चा नायक बन जाना,यही इस सत्य की सुंदरता है। जो त्याज्य है वो शिव को प्रिय है। धतूरा, हलाहल शिव के लिए सहज है। हर चीज जो समाज को नुकसान पहुंचाए, शिव उसका आस्वादन करते हैं, उसे अपना बना लेते हैं। इसलिए शिव देवाधिदेव हैं, महादेव हैं। मंदिर में पूरे दिन भगवान शिव का जलाभिषेक शिव भक्तों द्वारा किया जाता रहा। झबरेडा थाना अध्यक्ष अजय शाह ने भी मंदिर में पहुंचकर शिवलिंग भगवान का जलाभिषेक किया। कस्बे में स्थित इस प्राचीन मंदिर में कस्बे के अलावा आसपास के गांव से भी यहां पर जिलाभिषेक करने के लिए शिव भक्त आते हैं। शिव मंदिर में शिव भक्तों की अधिक भीड़ होने से मंदिर समिति तथा पुलिस द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुरुष व महिलाओं की अलग-अलग लाइन बनाकर मंदिर में प्रवेश कराया गया।शिव मंदिर में शाम तक शिव भक्तों द्वारा जलाभिषेक किया जाता रहा।





