झबरेड़ा 19 अप्रैल। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव में आपसी विवाद के दौरान मारपीट और हंगामा कर रहे तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपितो के खिलाफ शांति व्यवस्था भंग करने की धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस जानकारी के अनुसार, रविवार को ग्राम झबरेडी में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गांव के ही तीन युवक ऋतिक, प्रदीप कुमार और अमित कुमार किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि तीनों के बीच जमकर गाली-गलौज और मारपीट होने लगी। गांव में हंगामा बढ़ता देख किसी ग्रामीण ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचकर पुलिस कर्मियों ने तीनों युवकों को शांत कराने और समझाने का काफी प्रयास किया। पुलिस की समझाइश के बावजूद तीनों युवक शांत नहीं हुए और लगातार हंगामा करते रहे। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपितो ऋतिक, प्रदीप और अमित के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने के बाद उन्हें संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।





