Oplus_16908288
झबरेड़ा 23 मई। स्थानीय चौधरी भरत सिंह डीएवी इंटर कॉलेज झबरेड़ा में छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और सही दिशा-निर्देशन के लिए ‘करियर शाला संवाद’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्रधानाचार्य ओम सिंह सैनी, मुख्य अतिथि व करियर विशेषज्ञ जीशान, उप-प्रधानाचार्य मनोज कुमार, कैप्टन सुशील कुमार आर्य और श्रीमती निधि चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कॉलेज के प्रधानाचार्य ने बाहर से आए सभी अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत किया।शनिवार को करियर शाला संवाद के दौरान प्रधानाचार्य ओम सिंह सैनी ने कहा कि आज का युवा अपने करियर को लेकर बेहद चिंतित है। अक्सर कक्षा 12वीं पास करने के बाद छात्र असमंजस में रहते हैं कि उन्हें किस दिशा में जाना है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमें अपने भविष्य का रास्ता स्वयं तय करना होगा कि कौन सा विषय, डिप्लोमा या फील्ड हमारे लिए सबसे बेहतर है। मुख्य अतिथि और करियर विशेषज्ञ जीशान ने छात्र-छात्राओं को करियर काउंसलिंग और गाइडेंस के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य, कृषि, लघु उद्योग, पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विशेष रूप से उन डिप्लोमा कोर्सेज की जानकारी दी जिन्हें कम से कम लागत में करके छात्र आत्मनिर्भर बन सकते हैं और अपना स्वयं का कार्य शुरू कर सकते हैं। उप-प्रधानाचार्य मनोज कुमार ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इंटरमीडिएट पास करने के बाद आप अपने अच्छे-बुरे को समझने में सक्षम हैं, इसलिए करियर का चुनाव पूरी समझदारी से करें। कैप्टन सुशील कुमार आर्य ने छात्रों में देशभक्ति का जज्बा भरते हुए सेना में जाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि एनसीसी प्रमाणपत्र धारकों को सेना व अन्य नौकरियों में क्या-क्या लाभ मिलते हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए अनुशासित होना और एक अच्छा नागरिक बनना सबसे पहली शर्त है। निधि चौधरी ने छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं और किसी से कम नहीं हैं। उन्होंने प्रश्न-उत्तर सत्र के माध्यम से छात्रों की शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का सफल संचालन ठाकुर ओमपाल सिंह ने किया। इस अवसर पर व्यायाम शिक्षक सौरभ पवार, सौरभ सिंह, अमित कंबोज, सुशील कुंजा, प्रदीप कुमार, विनोद कुमार, श्रीमती गुंजन पंवार, श्रीमती नीलम, सुमित कुमार, सुलदीप त्यागी और अशीष परमार उपस्थित रहे। संवाद कार्यक्रम में दिशिका परमार, आरजू, गीतू प्रजापति, खुशी सहगल, वंशिका, सर जॉन, आयुष, यशवंत सिंह, शाजिया, सानिया सहित सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ओम सिंह सैनी ने सभी आगंतुक अतिथियों का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों को सफल जीवन की शुभकामनाएं दीं।





