झबरेड़ा, 23 अगस्त। कस्बा झबरेड़ा व ग्रामीण क्षेत्र में करीब चार बजे विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। करीब छह घंटे बाद सुबह 10 बजे के बाद बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। लगातार बिजली गुल रहने से भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, विद्युत आपूर्ति बंद होने के कारण जल संस्थान की पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही।

रविवार तड़के बिजली गुल होने से कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के करीब 50 हजार लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। लोगों का कहना है कि बारिश या थोड़ी हवा चलते ही क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाती है। छह घंटे तक बिजली बंद रहने से घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे गए, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। विद्युत आपूर्ति बाधित होने का असर जल संस्थान की व्यवस्था पर भी पड़ा। सुबह के समय कस्बे में पानी की आपूर्ति शुरू की गई, लेकिन बिजली नहीं होने के कारण टंकियों में कुछ देर पानी आने के बाद आपूर्ति बंद हो गई। इससे लोगों के जरूरी घरेलू काम प्रभावित हुए। कस्बा व क्षेत्रवासी डॉक्टर जोध सिंह राव, कुर्बान अली, डॉक्टर राज सिंह, कुलबीर सिंह, संदीप कुमार, चौधरी बिरम सिंह, सुलेमान मलिक, मुनव्वर हसन आदि ने ऊर्जा विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की है। उनका कहना है कि आए दिन बिजली कटौती से हजारों लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कस्बे में स्थित सब विद्युत स्टेशन पर कार्यरत एसडीओ रिजवान अली ने बताया कि विद्युत लाइन में कुछ कमी आने के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी। कमी को दूर करने के बाद विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी गई।





