झबरेड़ा, 22 अगस्त। ग्राम हीराहेड़ी के पास तेज गति से आ रही कार की चपेट में आने से बाइक सवार दो अधेड़ घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों घायलों को झबरेड़ा कस्बे में चिकित्सक के पास पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने दोनों को बेहतर उपचार के लिए रुड़की रेफर कर दिया।

शनिवार को ग्राम फरीदपुर निवासी सुखबीर सिंह और मदन सिंह बाइक से हीराहेड़ी स्थित अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। बताया गया कि गांव से कुछ दूरी पहले पीछे से तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने घायलों को झबरेड़ा कस्बे में एक चिकित्सक के यहां पहुंचाया और घटना की सूचना उनके परिजनों को दी। सूचना मिलने के कुछ देर बाद परिजन भी चिकित्सक के यहां पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने दोनों घायलों को रुड़की के लिए रेफर कर दिया। जहां पर घायलों का उपचार चल रहा है।





