झबरेड़ा, 8 अक्टूबर। क्षेत्र के गांव में पतंग उड़ाने को लेकर विवाद हो गया। कटी हुई पतंग लेने पड़ोसी के घर गए एक युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर घायल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

कोतवाली क्षेत्र के गांव सढोली निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार शाम उनका पुत्र घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान पतंग की डोर टूट गई और पतंग उड़कर पड़ोस में स्थित एक व्यक्ति के घर में जा गिरी। उनका पुत्र कटी हुई पतंग लेने के लिए पड़ोसी के घर पहुंचा। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद युवक के परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर गांव में भी चर्चा बनी हुई है। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है। पुलिस द्वारा मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





