झबरेड़ा 16 अप्रैल। पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक वांछित वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

बीती 24 जनवरी को ग्राम लाठरदेवा शेख निवासी तमरेज ने थाने में तहरीर दी थी। आरोप था कि तस्लीम, नसीम और हुसैन समेत कुल 6 नामजद आरोपितो ने उसके भाई जावेद और भतीजे जुनैद के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से फावड़े व डंडों से जानलेवा हमला किया। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान साजिद नाम प्रकाश में आया था, जो घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। 15 अप्रैल को थाना झबरेड़ा पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि आरोपित गांव में ही मौजूद है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने हसीन के घर ग्राम लाठरदेवा शेख पर दबिश देकर साजिद को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह का कहना है कि मुकदमे में वांछित चल रहे एक वारंटी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपितो की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है, उन्हें भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। पुलिस ने पकड़े गए वारंटी को न्यायालय में पेश किया है।





