झबरेड़ा 11 मई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत झबरेड़ा पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के पास से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और चोरी की दो दुपहिया गाड़ियाँ बरामद की हैं।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ग्राम हीराहेड़ी तिराहे पर फ्लाईओवर के नीचे संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक बिना नंबर की सिल्वर रंग की स्कूटी को रुकवाया। स्कूटी चला रहे युवक से जब कागजात मांगे गए, तो वह कोई भी दस्तावेज नहीं दे सका। पुलिस ने जब युवक की तलाशी ली, तो उसके पास से 315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपित ने स्वीकार किया कि वह स्कूटी चोरी की है, जिसे उसने थाना गंगनहर क्षेत्र से उड़ाया था। यही नहीं, आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की। पुलिस की जांच में पुष्टि हुई है कि बरामद स्कूटी के संबंध में कोतवाली गंगनहर में पहले से ही मुकदमा दर्ज है। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम मौ0 आमिर निवासी खाताखेड़ी, थाना झबरेड़ा, हरिद्वार बताया। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह,उप-निरीक्षक जय सिंह राणा,हेड कांस्टेबल रामवीर सिंह,कांस्टेबल नसीबुद्दीन मौजूद रहे। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि आमिर के पुराने आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है। फिलहाल आरोपित के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।





