झबरेड़ा 17 मई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर अपराधियों और संदिग्धों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर आरोपित को अवैध धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है।

शनिवार को झबरेड़ा कोतवाली पुलिस टीम हरचंदपुर माजरा अंडरपास के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रोककर उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार किए गए आरोपित की पहचान बॉबी उर्फ चाइनीज के रूप में हुई है, जो कि ग्राम सढौली, कोतवाली झबरेड़ा हरिद्वार का रहने वाला है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह का कहना है कि आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्यवाही पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। क्षेत्र में अपराध और संदिग्धों के खिलाफ यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। बदमाश को दबोचने वाली पुलिस टीम में मुख्य रूप से हेड कांस्टेबल रामवीर और कांस्टेबल नसीबुद्दीन शामिल रहे।





