Oplus_16908288
झबरेडा 11 मई। नगर पंचायत झबरेड़ा में आगामी मानसूनी सीजन के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। नगर पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी एवं अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन सिंह रावत के निर्देशों पर कस्बे के छोटे-बड़े नालों और नालियों की सफाई का कार्य ‘युद्ध स्तर’ पर शुरू कर दिया गया है।


जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए रविवार से यह विशेष अभियान प्रारंभ किया गया। पहले दिन कस्बे से सहारनपुर मार्ग की ओर जाने वाले मुख्य नालों और विभिन्न मोहल्लों की नालियों की गहन सफाई की गई। जो हिस्से रविवार को रह गए थे, सोमवार को भी वहां सफाई कर्मियों की टोली डटी रही। प्रशासन का लक्ष्य है कि बरसात की पहली दस्तक से पहले कस्बे के हर कोने की जल निकासी व्यवस्था सुचारू हो जाए। नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन सिंह रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि सफाई व्यवस्था को गति देने के लिए 14 अतिरिक्त सफाई कर्मचारी लगाए गए हैं। यह कार्य ठेके के माध्यम से कराया जा रहा है, ताकि सीमित समय में अधिक से अधिक क्षेत्र कवर किया जा सके। मुख्य नालों के साथ-साथ मोहल्लों की छोटी नालियों की सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी और ईओ हर्षवर्धन सिंह रावत ने स्पष्ट किया है कि बरसात के दौरान जनता को जलभराव या गंदगी का सामना न करना पड़े, यह प्राथमिकता है। सफाई कर्मचारियों और संबंधित ठेकेदार को कड़ी हिदायत दी गई है कि मानसून शुरू होने से पहले शत-प्रतिशत नालों की सफाई सुनिश्चित की जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





