झबरेड़ा, 29 अगस्त। मेजर ध्यानचंद जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर स्वर्गीय विजय मित्र द्विवेदी खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन मिल्खा सिंह स्पोर्ट्स अकादमी की ओर से एनएस पब्लिक स्कूल के मैदान में किया गया।


शनिवार को प्रतियोगिता में कबड्डी के बालक-बालिका वर्ग तथा 200 मीटर दौड़ में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व राज्य मंत्री आदित्य राना ने किया। इस दौरान उन्होंने मेजर ध्यानचंद के जीवन एवं खेलों में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की किक बॉक्सिंग खिलाड़ी काजल तथा राज्य स्तरीय कबड्डी खिलाड़ी शिवानी और काजल को सम्मानित किया। 200 मीटर बालक वर्ग की दौड़ में शौर्य ने प्रथम, अभी ने द्वितीय तथा वर्णिक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कबड्डी बालिका वर्ग में गुरुकुल कन्या ने प्रथम, मिल्खा सिंह स्पोर्ट्स अकादमी ने द्वितीय तथा एनएस पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में यूथ क्लब प्रथम, मिल्खा सिंह स्पोर्ट्स अकादमी द्वितीय तथा जूनियर एसए जूनियर हाईस्कूल सुल्तानपुर तृतीय स्थान पर रहा।इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक डॉ. बालेंद्र सिंह, प्रधानाचार्या डॉ. सपना रानी, पूर्व मंगलौर नगर पालिका अध्यक्ष मरहूम कुरैशी, मिल्खा सिंह स्पोर्ट्स अकादमी के निदेशक अब्दुल रहमान सहित रोहित, मनजीत, अक्षम, वंश, अभिषेक, समाजसेवी लोकेश, मानसिंह, मनोज कटारिया, अमित व आदेश कुमार मौजूद रहे। प्रतियोगिता में प्रियांशु, मीनाक्षी, रमा, मधु, कल्पना, अंकुल, मोहित, सोनिया एवं आलोक द्विवेदी ने सहयोग किया। प्रतियोगिता का समापन समाजसेवी आदेश कुमार ने किया। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। अंत में एनएस पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. सपना रानी ने सहयोगियों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।





