Oplus_16908288
झबरेड़ा, 10 मार्च। कस्बे की वाल्मीकि बस्ती में वाल्मीकि समाज की बैठक नगर पंचायत झबरेड़ा के सभासद रोशन वाल्मीकि के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव में झबरेड़ा विधानसभा सीट से वाल्मीकि समाज के व्यक्ति को भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने की जोरदार मांग उठाई गई।

सोमवार को आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए सभासद रोशन वाल्मीकि ने कहा कि वाल्मीकि समाज के अधिकांश लोग लंबे समय से भाजपा के पक्ष में मतदान करते आ रहे हैं। इसके बावजूद समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व में अपेक्षित महत्व नहीं मिल रहा है। उन्होंने भाजपा हाईकमान से मांग की कि वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में झबरेड़ा विधानसभा सीट से वाल्मीकि समाज के व्यक्ति को प्रत्याशी बनाया जाए। पूर्व जिला पंचायत सदस्य अमीलाल वाल्मीकि ने कहा कि वाल्मीकि समाज तन-मन से भाजपा के साथ जुड़ा हुआ है। ऐसे में समाज को झबरेड़ा विधानसभा से प्रतिनिधित्व का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि समाज के साथ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वर्गों के लोग भी जुड़े हुए हैं। ऐसे में समाज के व्यक्ति को भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने पर पार्टी को इसका लाभ मिल सकता है। बैठक में पंकज वाल्मीकि, यशपाल वाल्मीकि, संदीप वाल्मीकि, सुनील कुमार, जोगेंद्र वाल्मीकि, इंद्रेश वाल्मीकि, काला वाल्मीकि, सतीश वाल्मीकि, अनिल वाल्मीकि, सावन वाल्मीकि, अमरीश वाल्मीकि, टीपू वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।





