झबरेड़ा, 1 जून। कस्बा और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्र से प्रेम प्रसंग के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पहले मामले में जहाँ शादी की तैयारियों के बीच एक युवती अपने प्रेमी संग फरार हो गई, वहीं दूसरी घटना में एक अन्य युवती ने परिजनों को बिना बताए प्रेमी से शादी रचा ली। दोनों ही मामलों में युवतियों के परिजनों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

कस्बा निवासी एक पीड़ित पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री चार दिन पूर्व अचानक घर से कहीं चली गई थी। लोक-लाज और समाज के डर से परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की।जांच-पड़ताल में पता चला कि युवती क्षेत्र के ही एक गांव निवासी युवक के साथ प्रेम प्रसंग के चलते फरार हो गई है।परिजनों के अनुसार, युवती का रिश्ता किसी दूसरी जगह तय हो चुका था और आगामी 3 जून को घर पर बारात आनी थी। शादी की तैयारियां जोरों पर थीं और दहेज में देने के लिए सारा सामान भी युवती की पसंद का ही खरीदा गया था। बेटी के इस कदम से घर में शादी की खुशियां अचानक गम में बदल गई हैं। वहीं, दूसरी घटना में कोतवाली क्षेत्र के ही एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को तहरीर दी है। पीड़ित भाई ने बताया कि उसकी बहन अपनी मर्जी से पास के ही दूसरे राज्य के रहने वाले एक युवक के साथ चली गई है। वहां जाकर उसने परिजनों की सहमति के बिना युवक से विवाह भी कर लिया है। मामले पर जानकारी देते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि दोनों ही पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर प्राप्त हुई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवतियां बालिग हैं। पुलिस ने दोनों मामलों की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





