झबरेड़ा 23 जून। कोतवाली झबरेड़ा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कोटवाल आलमपुर में एक 23 वर्षीय युवक का शव उसके घर में ही पंखे से संदिग्ध परिस्थितियों में लटका हुआ मिला था मृतक की मां ने गांव के ही दो सगे भाइयों पर हत्या का अंदेशा जताते हुए पुलिस को तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद से ही दोनों आरोपित युवक गांव से फरार बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटवाल आलमपुर निवासी विनोद देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र शुभम कुमार 19 जून की रात को घर पर था। रात करीब 11:00 बजे शुभम के साथ ही काम करने वाले गांव के ही एक युवक का फोन आया, जिसने शुभम को अपने पास बुलाया। शुभम उसी वक्त घर से चला गया। परिजनों के मुताबिक, शुभम रात को वापस कब आया, इस बात की उन्हें जानकारी नहीं है। अगली सुबह जब परिजनों ने देखा तो शुभम का शव घर के भीतर पंखे से लटका हुआ था, जिसे देख परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां विनोद देवी का कहना है कि हमें नहीं मालूम कि यह सब कैसे हुआ। लेकिन शुभम गांव के ही जिन दो युवकों के साथ काम करता था, उन्होंने ही उसे रात में फोन कर बुलाया था। घटना के बाद से ये दोनों भाई गांव से फरार हैं। मामले में पीड़ित मां ने कोतवाली झबरेड़ा के प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और दोनों फरार भाइयों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ करने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है आरोपितो की तलाश के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।





