Oplus_16908288
झबरेड़ा 12 मई। विद्युत उपभोक्ताओं को समय से और सटीक बिल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपखण्ड अधिकारी ने बैठक ली। मुख्य अभियंता के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित बैठक में मीटर रीडरों और सुपरवाइजरों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए गए।

मंगलवार को झबरेड़ा स्थित विद्युत उपखंड कार्यालय पर विद्युत उपभोक्ताओं को समय से और सटीक बिल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपखण्ड अधिकारी रिजवान अली ने बैठक ली। बैठक के दौरान एसडीओ ने बिलिंग प्रक्रिया में हो रही देरी और अनियमितताओं पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।एसडीओ ने उपभोक्ताओं की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए निम्नलिखित कड़े निर्देश जारी किए हैं कि सभी मीटर रीडरों को निर्देशित किया गया है कि वे आगामी एक सप्ताह के भीतर अपने-अपने क्षेत्र के उपभोक्ताओं का एक विस्तृत रजिस्टर तैयार करेंगे। प्रतिमाह की 22 तारीख तक हर हाल में शत-प्रतिशत बिलिंग कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को भुगतान के लिए पर्याप्त समय मिल सके। जिन उपभोक्ताओं की बिजली खपत असामान्य रूप से कम पाई जाएगी, मीटर रीडरों को उसका स्पष्ट कारण विभाग को उपलब्ध कराना होगा। कम खपत वाले मीटरों की विभाग द्वारा औचक चेकिंग की जाएगी। यदि रीडिंग में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित मीटर रीडर और एजेंसी के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उपखण्ड अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विभाग का लक्ष्य उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देना है। उन्होंने कहा कि समय पर बिल न मिलने से विभाग को राजस्व की हानि होती है और उपभोक्ताओं पर भी एकमुश्त आर्थिक बोझ पड़ता है। बैठक के अंत में सुपरवाइजर अमित कुमार ने आश्वासन दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में एम एस वी टेक्नो सुपरवाइजर अमित कुमार सहित क्षेत्र के सभी मीटर रीडर उपस्थित रहे।





