झबरेडा 22 जुलाई। कोतवाली क्षेत्र में नई स्कॉर्पियो कार शोरूम से सस्ती दरों पर दिलाने और सरकारी कर में छूट का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब 9 लाख रुपये की ठगी के मामले में पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वही पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

कोतवाली झबरेड़ा क्षेत्र के गांव अकबरपुर झौझा निवासी नावेद हैदर ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि वह एक नई स्कॉर्पियो कार खरीदना चाहता था। इस सिलसिले में उसने अपने एक दोस्त से बात की, जिस पर दोस्त ने अपने दो परिचितों से उसकी मुलाकात करवाई। दोस्त ने दावा किया कि ये दोनों व्यक्ति सरकारी टैक्स में छूट दिलाकर सस्ते दामों में नई कार दिलवाने का काम करते हैं। आरोपितो ने नावेद को अपने झांसे में ले लिया और कार की बुकिंग व छूट के नाम पर उससे अलग-अलग बार में कुल मिलाकर लगभग 8 लाख का चेक और 25 हजार नकद ऐंठ लिए।काफी समय बीत जाने के बाद भी जब कार नहीं मिली और आरोपित टाल-मटोल करने लगे, तो पीड़ित को संदेह हुआ। नावेद ने जब सीधे स्कॉर्पियो शोरूम जाकर पूछताछ की, तो उसके होश उड़ गए। शोरूम अधिकारियों ने बताया कि उनके यहां नावेद के नाम से न तो कोई कार बुक हुई है और न ही कोई चेक प्राप्त हुआ है। तब जाकर पीड़ित को अपने साथ हुई बड़ी ठगी का अहसास हुआ। मामले की जानकारी देते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





