Oplus_16908288
झबरेड़ा, 10 अगस्त। सावन मास के दूसरे सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए कस्बे व ग्रामीण क्षेत्रों के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह तड़के से ही शिव भक्त मंदिरों में पहुंचने शुरू हो गए। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर बेलपत्र, पुष्प व अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।

झबरेड़ा कस्बे में स्थित नंदा वाला बाग प्राचीन शिव मंदिर में सुबह से ही जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। दिन निकलने के साथ भीड़ बढ़ती गई। श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने के कारण मंदिर कमेटी की ओर से व्यवस्थित ढंग से जलाभिषेक कराने के लिए कतार लगवाई गई। कुछ ही देर में मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लग गई। मंदिर के महंत पंडित गणेश प्रसाद ने श्रद्धालुओं को बताया कि नंदा वाला बाग स्थित प्राचीन शिव मंदिर सिद्ध मंदिर के रूप में प्रसिद्ध है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन और श्रद्धा से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। सावन मास के प्रत्येक सोमवार को झबरेड़ा कस्बे के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचते हैं।उन्होंने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है। भगवान शिव का जलाभिषेक करने और उन्हें बेलपत्र अर्पित करने से भोलेनाथ प्रसन्न होते हैं। इसी कारण भगवान शिव को भोलेनाथ कहा जाता है। सोमवार को मंदिर में पूरे दिन श्रद्धालुओं द्वारा भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।





