झबरेड़ा, 7 जुलाई। झबरेड़ा कस्बे के शिव चौक के पास स्कूल की छुट्टी के बाद वैन से उतर रहे कक्षा पांचवीं के एक छात्र को तेज रफ्तार बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मासूम छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया है। दुर्घटना के बाद आरोपित बाइक सवार मौके से फरार हो गया।

मंगलवार दोपहर जब कस्बे के स्कूलों की छुट्टी हुई, तो स्कूल वैन बच्चों को लेकर शिव चौक के पास पहुँची। जैसे ही बच्चे वैन से नीचे उतर रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात बाइक सवार ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए एक छात्र को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्चा सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया।मासूम को टक्कर मारने के बाद भी बाइक सवार रुका नहीं, बल्कि वह अपनी बाइक की रफ्तार और तेज करके मौके से भाग निकला। हादसे के तुरंत बाद स्कूल वैन के चालक और वहाँ मौजूद स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाई और घायल बच्चे को पास के ही एक डॉक्टर के पास ले गए। घटना की सूचना मिलते ही बच्चे के परिजन बदहवास हालत में डॉक्टर के क्लीनिक पहुँचे। डॉक्टर द्वारा प्राथमिक उपचार देने के बाद, बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए तुरंत रुड़की के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहन चालकों पर शिकंजा कसा जाए और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार बाइक सवार की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए।





