Oplus_16908288
झबरेडा 21 मार्च। क्षेत्र में पुलिस द्वारा चोरी की रिपोर्ट दर्ज न किए जाने से आहत एक बुजुर्ग किसान ने अब न्याय के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। मामला ग्राम शेरपुर खेलमऊ का है, जहाँ अज्ञात चोरों ने किसान की ट्यूबवेल से कीमती सामान चोरी कर लिया था।

ग्राम शेरपुर खेलमऊ निवासी 68 वर्षीय किसान ताराचंद ने बताया कि उनकी खसरा नंबर 180 पर स्थित ट्यूबवेल पर 7.5 HP की विद्युत मोटर लगी हुई थी। बीती 18 जून 2025 की रात अज्ञात चोरों ने ट्यूबवेल के कमरे की दीवार तोड़कर कमरे में अंदर पहुंचे और मोटर को उखाड़कर उसमें से कीमती तांबे के तार निकाल लिए और मोटर का खोखा वहीं छोड़ दिया। घटना का पता किसान को अगले दिन 19 जून की सुबह लगा। पीड़ित किसान ने घटना के तुरंत बाद 19 जून को थाना झबरेड़ा में तहरीर दी थी। जब वहां कोई सुनवाई नहीं हुई, तो 23 जून 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार को भी रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से शिकायत पत्र भेजा गया। आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस ने अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया और न ही कोई कार्रवाई की। हर तरफ से निराश होकर पीड़ित ने द्वितीय जेएम न्यायालय रुड़की में संबंधित धारा के तहत प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया है। किसान ने कोर्ट से मांग की है कि थाना झबरेड़ा को तत्काल मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए जाएं तथा घटना की निष्पक्ष विवेचना सुनिश्चित की जाए।घटना की रात क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल टावर की लोकेशन के आधार पर बदमाशों की तलाश की जाए। वर्तमान में मामला न्यायालय के विचाराधीन है और पुलिस की इस कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। थानाध्यक्ष अजय शाह का कहना है कि उक्त मामले में न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है पुलिस ऐसे अज्ञात चोरों की तलाश में लगी हुई है।





