झबरेड़ा 2 जून। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम में एक बुजुर्ग किसान की ट्यूबवेल से अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर विद्युत मोटर और मीटर से तांबे के तार चोरी कर लिए। पीड़ित किसान द्वारा स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाने के बावजूद जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली है। न्यायालय के आदेश पर अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

ग्राम शेरपुर खेलमऊ परग्ना मंगलौर, तहसील रुड़की निवासी 81 वर्षीय बुजुर्ग किसान महेश चन्द के खेत पर सिंचाई के लिए 7.5 एचपी की बिजली की ट्यूबवेल लगी हुई थी। बीते वर्ष 18 जून 2025 की रात को अज्ञात चोरों ने ट्यूबवेल के कमरे की दीवार तोड़कर सेंध लगाई। चोरों ने वहाँ लगे 7.5 हॉर्स पावर के विद्युत मीटर और मोटर को उखाड़कर उसमें से कीमती तांबे के तार निकाल लिए और मोटर का खाली खोखा वहीं छोड़ कर फरार हो गए। घटना का पता पीड़ित को अगली सुबह 19 जून को तब चला जब वे खेत पर सिंचाई के लिए पहुँचे। पीड़ित महेश चन्द ने बताया कि घटना की अगली सुबह ही वे चोरी की लिखित तहरीर लेकर थाना झबरेड़ा पहुँचे थे। उन्होंने पुलिस से घटनास्थल के आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों की लोकेशन ट्रेस कर चोरों को पकड़ने की मांग की थी। आरोप है कि थानाध्यक्ष झबरेड़ा ने इस पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीड़ित ने 23 जून को रजिस्टर्ड डाक के जरिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार को भी शिकायती पत्र भेजा, लेकिन वहाँ से भी कोई राहत नहीं मिली। हर तरफ से निराश होकर पीड़ित बुजुर्ग किसान ने न्यायालय रुड़की के समक्ष भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा के तहत गुहार लगाई। पीड़ित ने न्यायालय से झबरेड़ा पुलिस को मुकदमा दर्ज कर विवेचना करने के आदेश देने की प्रार्थना की थी। न्यायालय के सख्त रुख के बाद,2 जून 2026 को कोतवाली झबरेड़ा में पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ आधिकारिक तौर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक जांच शुरू कर दी गई है।





