Oplus_16908288
झबरेड़ा 6 जुलाई। कोतवाली झबरेडा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली रिपोर्टिंग पुलिस चौकी लखनौता को अपना नया और आधुनिक प्रशासनिक भवन मिल गया है। इस नवनिर्मित भवन का पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने भव्य कार्यक्रम के बीच विधि-विधान से लोकार्पण किया गया।


सोमवार को कोतवाली झबरेडा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली रिपोर्टिंग पुलिस चौकी लखनौता प्रशासनिक भवन का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चन्द्र सुयाल के कर-कमलों द्वारा गरिमामयी उपस्थिति के बीच संपन्न हुआ। उनके द्वारा चौकी परिसर में एक छायादार पौधा भी रोपित किया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चन्द्र सुयाल ने नवनिर्मित भवन के लोकार्पण के अवसर पर कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिंग को मजबूत करने के संकल्प के साथ रिपोर्टिंग पुलिस चौकी का निर्माण कराया गया है। लखनौता चौकी के इस आधुनिक प्रशासनिक भवन के बन जाने से पुलिसकर्मियों को कार्य करने के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। इसके साथ ही, क्षेत्र की जनता को अपनी शिकायतों और समस्याओं के निवारण के लिए सुलभ व त्वरित न्याय मिल सकेगा। पुलिस अधिकारियों ने इस दौरान कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने और अपराधियों पर नकेल कसने की प्रतिबद्धता दोहराई। नए भवन को फूलों और गुब्बारों से बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इस दौरान पुलिस विभाग के कई उच्च अधिकारी,क्षेत्राधिकारी मंगलौर अभिनय चौधरी,प्रभारी निरीक्षक कोतवाली झबरेडा विजय सिंह, एसएसआई सत्येंद्र सिंह, प्रभारी चौकी लखनौता अजय कुमार, इकबालपुर पुलिस चौकी इंचार्ज योगेश कुमार, महिला दरोगा प्रीति तोमर और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। पुलिस चौकी के निर्माण में लगभग 1 करोड़ 33 लाख रुपए खर्च किए गए। जिसमें पुलिस कर्मियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं दी गई है। कार्यक्रम में पहुंचे सभी अधिकारियों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।





