झबरेड़ा, 20 जुलाई। कोतवाली क्षेत्र के गांव से एक महिला अपने 5 वर्षीय बेटे के साथ संदिध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब दोनों का कोई सुराग नहीं लगा, तो महिला की मां ने कोतवाली पुलिस में तहरीर देकर मदद की गुहार लगाई है।

मिली जानकारी के अनुसार, लाठरदेवाहुण निवासी सुनीता देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी और दामाद के बीच पिछले लगभग दो वर्षों से मनमुटाव चल रहा है, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसी कारण उनकी बेटी अपने 5 वर्षीय पुत्र के साथ पिछले दो साल से मायके लाठरदेवा हुण में ही रह रही थी। सुनीता देवी ने बताया कि रविवार शाम उनकी बेटी और नाती पास ही स्थित एक मंदिर में गए थे। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी जब दोनों घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। आसपास और रिश्तेदारों में काफी तलाश करने के बावजूद दोनों का कोई पता नहीं चल सका। मामले की जानकारी देते हुए कोतवाली एस.एस.आई. सत्येंद्र भंडारी ने बताया कि पीड़ित महिला की मां की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है और दोनों की तलाश की जा रही है।





