झबरेड़ा, 28 मई। कोतवाली क्षेत्र के गांव में शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति द्वारा पुलिस को गुमराह करने और घर में हुड़दंग मचाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए चालान किया गया है।

बुधवार देर शाम ग्राम कुशालीपुर निवासी मांगेराम ने शराब के नशे में पुलिस को फोन कर सूचना दी कि उसकी सास निवासी ग्राम अकबरपुर उसके घर से उसकी पत्नी और एक भैंस की कटिया को जबरन अपने साथ ले गई है। मांगेराम ने सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करते हुए पुलिस को यह भी झूठी कहानी सुनाई कि उसकी कटिया को बकरीद पर काटने के लिए ले जाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एस.एस.आई. सत्येंद्र भंडारी तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिस ने मामले की छानबीन की, तो सच्चाई कुछ और ही निकली। मांगेराम की पत्नी ने पुलिस को बताया कि मांगेराम रोजाना शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता है। बुधवार को भी उसने शराब के नशे में धुत होकर अपनी पत्नी को घर से धक्के मारकर बाहर निकाल दिया था। परेशान होकर पत्नी ने अपनी मां को आपबीती सुनाई, जिसके बाद उसकी मां कुशालीपुर आई थी। जब मां अपनी बेटी को बचाने आई, तो शराबी मांगेराम ने अपनी सास के साथ भी बदसलूकी और दुर्व्यवहार किया। आरोपित की सास ने पुलिस को बताया कि भैंस की कटिया उसने ही अपनी बेटी को दी थी। जब इस घर में उसकी बेटी ही सुरक्षित नहीं है और उसे घर से निकाल दिया गया है, तो वह अपने द्वारा दी गई कटिया को भी वापस अपने साथ ले जा रही है। एस.एस.आई. सत्येंद्र भंडारी ने बताया कि मांगेराम ने शराब के नशे में पुलिस को झूठी सूचना देकर गुमराह किया और गांव में गाली-गलौज व हुड़दंग मचाकर शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपित मांगेराम को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई करते हुए चालान किया है।





