झबरेड़ा 22 अप्रैल। मंगलवार शाम देवबंद मार्ग पर लखनोता के पास एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित परिजन की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

बहादराबाद के ग्राम रूहालकी निवासी शुभम पुत्र स्वर्गीय राधेश्याम, भांजा मोनू पुत्र सुभाष और उनका रिश्तेदार आदित्य एक ही बाइक पर सवार होकर उत्तर प्रदेश के देवबंद में एक विवाह समारोह से लौट रहे थे। लखनोता स्थित सत्संग भवन के पास तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शुभम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोनू ने रुड़की के सिविल अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायल आदित्य का उपचार जारी है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि मृतक के चाचा नितरपाल की तहरीर पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने गमगीन माहौल में दोनों युवकों का अंतिम संस्कार कर दिया है। इस घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।





