देहरादून 5 मई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य रूप से अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, आगामी चारधाम यात्रा और वीकेंड पर उमड़ने वाली पर्यटकों की भारी भीड़ को लेकर रणनीति तैयार की गई।

वीकेंड के दौरान देहरादून और मसूरी में होने वाले ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने सख्त रुख अपनाया है आशारोड़ी से लेकर मसूरी तक के पूरे रूट को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा। यातायात के दबाव को देखते हुए कार्यालयों में नियुक्त पुलिस बल को भी सड़कों पर ड्यूटी के लिए तैनात किया जाएगा।पुलिस अधीक्षक नगर और यातायात को निर्देश दिए गए हैं कि वे सुचारू यातायात संचालन के लिए एक विस्तृत और प्रभावी कार्य योजना तत्काल तैयार करें। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस अभियान के तहत आपराधिक गतिविधियों में लिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। फरार और ईनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित करने को कहा गया है। गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई और न्यायालय में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ताकि अपराधियों को सजा मिल सके। समीक्षा के दौरान एसएसपी ने कार्यप्रणाली में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों के प्रति कड़ा रुख दिखाया। जो अधिकारी अनावश्यक रूप से जांच को लम्बित रख रहे हैं, उन्हें सख्त चेतावनी दी गई है। थानों द्वारा की गई निरोधात्मक कार्यवाहियों की समीक्षा की गई। जिन थाना प्रभारियों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं था, उन्हें कार्यशैली सुधारने की हिदायत दी गई है। एसएसपी ने संदेश दिया कि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान पुलिस का व्यवहार मित्रवत होना चाहिए, लेकिन अपराधियों और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई उतनी ही सख्त होगी।





