झबरेड़ा 18 फरवरी। कस्बे के बाजार से दो बाइक चोरी होने से अलग-अलग गांव के दो लोगों द्वारा थाने में तहरीर देकर बुधवार को बाइक चोरी के मुकदमे दर्ज कराए गए हैं।

ग्राम जटोल थाना देवबंद जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश निवासी गौरव द्वारा थाने में तहरीर देकर बताया कि वह कस्बे के बाजार में घरेलू सामान लेने के लिए आया था। उसने अपनी बाइक जटोल मार्ग के पास खड़ी कर बाजार में सामान लेने चला गया। जब वह सामान लेकर बाइक खड़ी करने के स्थान पर आया तो वहां पर बाइक नहीं मिली। आसपास के दुकानदारों से पूछताछ करने पर बाइक का कोई सुराग नहीं चल सका। वहीं दूसरी ओर ग्राम खुँडेवाली निवासी शुभम ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह मंगलवार दोपहर लगभग 1 बजे कस्बे के बाजार में कुछ सामान लेने के लिए आया था। उसने कस्बे में स्थित अमर जवान चौक के पास अपनी बाइक खड़ी कर बाजार से सामान लेने चला गया था। कुछ देर बाद जब वह सामान लेकर वापस लौटा तो वहां पर उसकी बाइक नहीं थी। आसपास के दुकानदारों द्वारा पूछताछ करने पर भी बाइक का कुछ पता नहीं चल सका है। थानाध्यक्ष अजय शाह का कहना है कि तहरीर के आधार पर बाइक चोरी के दो मुकदमे दर्ज कर दिए गए हैं। बाइक का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरे पुलिस द्वारा खँगाले जा रहे हैं।





