झबरेड़ा, 17 जून। क्षेत्र निवासी एक ग्रामीण द्वारा गैस एजेंसी से लिए गए रसोई गैस सिलेंडर में से पानी निकलने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित उपभोक्ता ने मामले की शिकायत गैस एजेंसी संचालक से की है, लेकिन कोई ठोस समाधान न होने से उपभोक्ता परेशान है।

झबरेडा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव भगतोवाली के रहने वाले व्यक्ति चीनू ने झबरेड़ा कस्बे में स्थित सूर्यांश गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उपभोक्ता के अनुसार, उसने कुछ दिन पहले ही एजेंसी से एक गैस सिलेंडर खरीदा था। बुधवार सुबह जब घर पर खाना बनाने के लिए सिलेंडर को चूल्हे से जोड़ा गया, तो चूल्हा नहीं जला। संदेह होने पर जब उपभोक्ता ने सिलेंडर की जांच की, तो उसमें से गैस के बजाय पानी निकलता हुआ दिखाई दिया। पीड़ित उपभोक्ता तुरंत पानी से भरे सिलेंडर को लेकर कस्बे में स्थित संबंधित गैस एजेंसी पर पहुंचा। उसने एजेंसी संचालक को पूरे मामले की जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई। उपभोक्ता का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद भी एजेंसी की ओर से उसे कोई राहत या नया सिलेंडर नहीं दिया गया है, जिससे उसके सामने भोजन पकाने का संकट खड़ा हो गया है। दूसरी ओर, इस पूरे मामले पर गैस एजेंसी के संचालक राजेंद्र सिंह का बयान दिया हैं कि उपभोक्ता द्वारा लाए गए गैस सिलेंडर की जब जांच की गई, तो उसमें निर्धारित वजन से 5 किलो वजन कम पाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नियमानुसार उचित कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।





