झबरेड़ा 23 जुलाई। कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में चोरों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। बेखौफ चोरों ने एक साथ आधा दर्जन किसानों के खेतों में लगे विद्युत नलकूपों के ताले तोड़कर मोटर, केबल और स्टार्टर चोरी कर लिए। इस घटना से क्षेत्र के किसानों में भारी रोष व्याप्त है।

मिली जानकारी के अनुसार, कस्बा निवासी किसान अरविंद कुमार, कुलदीप सैनी, सुखबीर सिंह और यशवीर सिंह समेत छह किसानों के नलकूपों को चोरों ने निशाना बनाया। घटना का खुलासा गुरुवार सुबह उस वक्त हुआ, जब किसान अपने खेतों में फसलों की सिंचाई के लिए पानी चलाने पहुंचे। वहां नलकूपों के ताले टूटे मिले और अंदर रखे विद्युत उपकरण गायब थे। पीड़ित किसानों का कहना है कि क्षेत्र में नलकूपों से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे पहले भी इसी क्षेत्र के 15 अन्य किसानों के नलकूपों से केबल और स्टार्टर चोरी हो चुके हैं, जिनका पुलिस अब तक कोई सुराग नहीं लगा पाई है। लगातार हो रही चोरियों से किसानों को सिंचाई के संकट के साथ-साथ भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। घटना की सूचना मिलने पर गुरुवार सुबह पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। जल्द ही नलकूपों से चोरी करने वाले गिरोह को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





